बेसहारा बच्चों के शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, #स्पॉन्सरशिप योजना से गरीब और अनाथ बच्चों की परवरिश में सहयोग कर पुण्य कमायें.
बच्चों की समुचित देखभाल परिवार में होती है। उनका लालन-पालन और शिक्षा की व्यवस्था परिवार ही करता है। लेकिन दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य किसी पारिवारिक और सामाजिक कारण से कई बच्चों के सर से अभिभावकों का साया उठ जाता है। कोरोना महामारी के प्रकोप से भी कई बच्चे अनाथ हो गये हैं। इनके लालन-पालन और शिक्षा के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्पॉन्सरशिप योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत शासकीय तौर पर बेसहारा तथा जरूरतमंद बच्चे की स्पॉन्सरशिप दी जाती है। योजना में निजी स्पॉन्सरशिप का भी प्रावधान है। समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों तथा अन्य व्यक्तियों से सहयोग प्राप्त करके हाल ही में 70 बच्चों को स्पॉन्सरशिप का लाभ दिया गया है। इन बच्चों को एक साल तक हर माह दो हजार रूपये की राशि दी जायेगी। जिससे उनके शिक्षा और भरण-पोषण की व्यवस्था हो सकेगी।
अलग-अलग कारणों से जिले में कई बच्चे बेसहारा हो गये हैं। उन्हें शासन की योजनाओं के माध्यम से सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इन बच्चों की देखभाल के लिये समाज को भी आगे आना होगा। बेसहारा और गरीब बच्चों के शिक्षा और पालन पोषण की व्यवस्था करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी स्वेच्छा से स्पॉन्सरशिप योजना में भागीदारी निभायें। गरीब तथा अनाथ बच्चों की परवरिश में सहयोग करके पुण्य कमायें। आप सबके द्वारा दिया गया छोटा सा सहयोग किसी बच्चे के भविष्य निर्माण के लिये वरदान बन सकता है। कोई भी व्यक्ति जिला रेडक्रास समिति रीवा के आईडीबीआई बैंक के बचत खाता क्रमांक 0423102000009621 तथा आईएफएस कोड आईबीकेएल0000423 पर स्वेच्छा से सहयोग राशि जमा करा सकते हैं।
स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ ऐसे बच्चों को दिया जाता है जिनके माता और पिता दोनों का निधन हो गया हो अथवा ऐसे बच्चे जिनके माता या पिता में से किसी एक की मृत्यु हो गई हो तथा दूसरा उन्हें अपने पास न रख रहा हो। इसी तरह एचआईव्ही एड्स से पीडि़त बच्चों को भी शासकीय स्पॉन्सरशिप दी जाती है। कोविड के कारण अपने माता-पिता खो चुके बच्चों को भी स्पॉन्सरशिप का लाभ दिया जाता है। इस योजना के लिये जिला रेडक्रास सोसायटी रीवा में पृथक से बैंक खाता खोला गया है। इसमें स्वेच्छा से सामथ्र्य के अनुसार कोई भी व्यक्ति सहयोग राशि दे सकता है। स्पॉन्सरशिप योजना के संबंध में अन्य जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय मोबाइल नम्बर 9425470883 तथा सहायक संचालक आशीष द्विवेदी मोबाइल नम्बर 9755270639 पर संपर्क करके प्राप्त की जा सकती हैं। इसके साथ-साथ उप संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे के मोबाइल नम्बर 9425186877 तथा सचिव जिला रेडक्रास समिति डॉ. विनोद श्रीवास्तव के मोबाइल नम्बर 9826312930 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

No comments
Post a Comment